Sunday, 13 November 2016

दो दिन में जमा हुए 70 करोड़ रुपये



 500 और 1000 के नोट बंद होने की बाद दूसरे दिन शुक्रवार को बैंक की शाखाओं में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। नोट बदलवाने और जमा करवाने को लोग कतार लगाकर सुबह से अपनी बारी का इंतजार करते रहे। बैंक अधिकारियों के मुताबिक गत गुरुवार को 35 करोड़ जमा होने का अनुमान है, शुक्रवार को भी इतनी रकम जमा होने का अनुमान लगाया गया है।
शुक्रवार को भी घाटमपुर स्थित एसबीआई, आईसीआईसीआई, यूनियन बैंक, एचडीएफसी, सेंट्रल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, ग्रामीण बैंक सहित जिला सहकारी बैंक व डाकघर में लोग बंद नोट बदलवाने पहुंचे। सिर्फ 4000 रुपये की निकासी होने पर कई जरूरतमंद मायूस नजर आए। इस बीच कई बार बैंक कर्मियों और ग्राहकों की झड़प भी हुई।


शुक्रवार को बैंक शाखाओं में नए नोट नहीं पहुंचे और पूरे दिन एटीएम बंद रहे। लीड बैंक मैनेजर जीपी भारतीय ने बताया कि गुरुवार को 35 करोड़ रुपये जमा होने का अनुमान है। इसी अनुपात में शुक्रवार को रुपये जमा हुए हैं। नए नोट बैंकों में भेजे जा रहे हैं। एटीएम मशीनों में नए नोट भरने के बाद उन्हें खोला जाएगा।


उधर, कस्बा में आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमारी की अफवाह से सर्राफा दुकानों में ताला पड़ गया। दुकानदारों में हड़कंप से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हकीकत पता चलने पर दुकानदारों ने राहत की सांस ली।


आज और कल खुलेंगे बैंक - लीड बैंक मैनेजर जीपी भारतीय ने बताया कि शनिवार व रविवार को भी सभी बैंक शाखाएं खुली रहेंगी और बंद हुए 500 1000 के नोटों की अदला-बदली की जा सकेगी। बैंक शाखाओं में लोग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक धन जमा व निकासी कर सकते हैं।



जल्दबाजी के चलते लोगों में हुई झड़प- कानपुर देहात। बैंक में सुबह होते ही लाइन लग जा रही है। रुपये जमा करने व बदलने की जल्दबाजी में कुछ लोगों लाइन से हटकर आगे से दूसरी लाइन बना ली। पीछे खड़े लोगों ने विरोध किया। जिस पर कई बार झड़प के साथ धक्का मुक्की भी हुई।



महिलाएं रहीं परेशान- कानपुर । नोट बदलने व खाता में रुपये जमा करने आईं महिलाओं के लिए लगी लाइन न होने सेे परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कई बैंकों में पुरुषों की लंबी लाइन होने व बैंक का गेट घेर लेने से महिलाएं अंदर जाने की हिमम्त नहीं जुटा सकीं।


बैंकों के बाहर लगी वाहनों का रेला- कानपुर । सभी बैंकों के सामने ग्राहकों ने अपने वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा करके अंदर चले गए, जिससे जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस कर्मियों ने वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।


धड़ल्ले से बिके नोट बदलने के फार्म- कानपुर । नोट बदलने के लिए आईडी प्रूफ व एक फार्म भरने के निर्देश पर लोगों को बैंकों से फार्म लेने में माथापच्ची करनी पड़ी। बैंक कर्मी लोगों को नोट बदलने वाले फार्म न होने की बात कहकर टरकाते रहे।


इसका फायदा लोगों ने फार्म को दुगने दाम पर बेंच कर उठाया। पीएनबी बैंक के बाहर फार्म पांच से दस रुपये तक बिका। फोटोकापी की दुकानों पर भी फार्म व जीराक्स की कीमत दुगनी ली गई। 



बट्टा लगाकर बदले नोट- । शुक्रवार को हालत यह रही कि जिन लोगों के पास सौ व पचास के नोट मौजूद थे। उन्होंने फुटकर के नाम पर लोगों से 500 के नोट पर 50 रुपये व 1000 के नोट पर 100 रुपये तक वसूले। लोगों ने मजबूरी में बट्टा देना मुनासिब समझा।



सर्वर न आने से ठप रहा पीएनबी में काम- । पंजाब नेशनल बैंक में सारा दिन सर्वर न आने के कारण रुपयों का लेन-देन व नोट बदलने की प्रक्रिया पूरी तरह से बाधित रही। पीएनबी बैंक में सुबह से ही लोगों का तांता लग गया।


सर्वर न आने से काम पूरी तरह ठप रहा। सर्वर न आने से अधिकांश लोग मायूस होकर लौट गए। शाखा प्रबंधक आरके संखवार ने बताया कि उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।

करेंसी न आने से ब्रांच मैनेजरों को छूटे पसीने-परास । कस्बे की बैंक शाखाओं में करेंसी न आने से लोगों को शुक्रवार को भी भारी दिक्कत उठानी पड़ी। एसबीआई शाखा प्रबंधक विजय कुमार ने बताया कि अभी तक उनकी शाखा में करेंसी नहीं आई है। लोगों ने 500 1000 के ही नोट जमा किए हैं। वैन खाली बक्सा ले गई है।


बैंक आफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक प्रकाश ने बताया कि उनकी शाखा में करेंसी न आने से भुगतान की समस्या खड़ी हो गई है। जिला सहकारी बैंक शाखा प्रबंधक ने भी करेंसी न आने का दुखड़ा सुना दिया। बैंकों में सीओ माजिद अब्सार, कोतवाली निरीक्षक मो. फाजिल सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment