Thursday, 27 October 2016

जम्मू-कश्मीर: पाक सेना की गोलीबारी जारी, 24 घंटे में BSF के दो जवान शहीद


सत्यम तिवारी सम्पादक
जम्मू-कश्मीर: पाक सेना की गोलीबारी जारी, 24 घंटे में BSF के दो जवान शहीद
पाकिस्तान की सेना सीमा से सटे इलाकों में लगातार फायरिंग कर रही है। गोलीबारी में एक भारतीय जवान शहीद हो गया है।
श्रीनगर, (जेएनएन)। जम्मू-कश्मीर में सीमा पर पाकिस्तानी सेना की ओर से गोलीबारी जारी है। एक दिन तक राजौरी पुंछ सीमा पर शांति कायम रखने के बाद पाक सेना ने पुंछ जिले के मेंढर, मनकोट व बालाकोट सेक्टर में गोलीबारी फिर से शुरू कर दी है। पाक सेना ने गुरुवार शाम पांच बजे के करीब एक साथ तीनों सेक्टरों में शाम पांच बजे गोलाबारी शुरू कर दी। पाक सेना सैन्य चौकियों को निशाना बनाने के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों में भी मोर्टार दागना शुरू कर दिया। भारतीय सेना द्वारा भी पाक सेना को मुंह तोड़ जवाब दिया जा रहा है।

उत्तरी कश्मीर में गुरुवार को एलओसी पर स्थित टंगडार (कुपवाड़ा) में पाकिस्तानी सेना के बैट (बॉर्डर एक्शन टीम) हमले में एक सैन्यकर्मी शहीद व एक अन्य जख्मी हो गया। जवाबी कार्रवाई में बैट का भी एक सदस्य मारा गया और एक घायल है। इसके बाद बैट दस्ता वापस गुलाम कश्मीर भाग गया। अलबत्ता, सेना ने कहा है कि घुसपैठ के एक प्रयास को नाकाम बनाते हुए सैन्यकर्मी शहीद हुआ है। वहीं, शहीद जवान की पहचान हवलदार प्रदीप भंडारी व घायल की राइफलमैन संदीप सिंह के रूप में हुई है।
सूत्रों ने बताया कि टंगडार सेक्टर में दोपहर करीब एक बजे छह गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों का एक दल एलओसी के अग्रिम इलाके में नियमित गश्त पर था। अचानक वहां घने पेड़ों की आड़ में छिपे पाकिस्तानी सेना के बैट दस्ते ने उन पर हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी फायर किया। करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ में एक भारतीय जवान शहीद व एक अन्य जख्मी हो गया। जवाबी कार्रवाई में बैट दस्ते का भी एक सदस्य मारा गया व एक अन्य के जख्मी होने की सूचना है, क्योंकि मुठभेड़स्थल पर भारी मात्रा में खून के धब्बे मिले हैं, जो गुलाम कश्मीर की तरफ जा रहे हैं। इनके आधार पर सूत्रों ने दावा किया है कि बैट को भी नुकसान हुआ है। फिलहाल, क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।
इससे पहले जम्मू के आरएसपुरा के अब्दुल्लियां सेक्टर में मोर्टार गिरने से सीमा सुरक्षा बल का एक हेड कांस्टेबल शहीद व आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शहीद जवान की पहचान जितेंद्र कुमार पुत्र लक्ष्मी सिंह, निवासी रक्सोल, मोतीहरी, बिहार के रूप में हुई है। एक सप्ताह में सीमा पर तीन बीएसएफ जवान शहीद हो चुके हैं।


जवाबी कार्रवाई में पाक रेंजर की मौत

नियंत्रण रेखा से लगते जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर मे बीती रात से लगातार पाकिस्तानी सेना की तरफ से की जा रही गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना के जवानों की तरफ से की गई कार्रवाई में एक पाकिस्तानी रेंजर की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।

बीएसएफ के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि करीब दोपहर साढ़े बारह बजे और 1.15 बजे बीएसएफ के जवानों ने अरनिया और आर.एस. पुरा सेक्टर्स में एक पाकिस्तानी रेंजर को मार गिराया गया जबकि एक अन्य घायल हुआ है। हालांकि, पाकिस्तानी सेना के जवान भारी गोलीबारी के बीच घायल जवानों को लेकर भागने मे कामयाब रहे।

No comments:

Post a Comment